MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी को प्रचंड बहुमत से एक बार फिर सत्ता में वापसी कराने वाले शिवराज भले ही मुख्यमंत्री की रेस से बाहर हो गए, पर अब उनके अगले राजनीतिक सफ़र को लेकर संगठन में भी मंथन का दौर जारी हैं.
प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई कैबिनेट को लेकर भी सस्पेंस मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक बना हुआ है. यहीं वजह है कि शिवराज से पहले केंद्रीय नेतृत्व ने सीएम मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन मंत्री हितानंद शर्मा समेत कई दिग्गज नेताओं के साथ बैठक कर नामों पर चर्चा की.
हालांकि, अब पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में मुलाकात कई बड़े राजनीतिक संकेत दे रही हैं. ख़ुद शिवराज ने इस मुलाक़ात के बाद मीडिया से चर्चा में बताया कि एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी मेरे लिए जो भी भूमिका तय करेगी, वह काम मैं करूंगा. मैं राज्य के साथ-साथ केंद्र में भी रहूंगा.
शिवराज सिंह ने आगे कहा, यदि आप किसी बड़े मिशन पर काम कर रहे हैं, तो पार्टी ही तय करती है कि आप कहां काम करेंगे. हालांकि, इस चर्चा के दौरान ही उन्होंने बताया कि अभी कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई हैं.
लेकिन, जो भी काम मिलेगा वो मैं करूँगा. मैंने कभी भी अपने लिए कुछ नही मांगा है. विकसित भारत संकल्प यात्रा में पार्टी द्वारा मुझे कुछ जगहों पर जाने को कहां जाएगा, मैं दक्षिण के राज्यों में जाऊंगा.