MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव-2023 में बीजेपी को प्रचंड बहुमत से एक बार फिर सत्ता में वापसी कराने वाले शिवराज भले ही मुख्यमंत्री की रेस से बाहर हो गए, पर अब उनके अगले राजनीतिक सफ़र को लेकर संगठन में भी मंथन का दौर शुरू हो गया हैं.
प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई कैबिनेट को लेकर भी सस्पेंस मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक बना हुआ है. यहीं वजह है कि शिवराज से पहले केंद्रीय नेतृत्व ने सीएम मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन मंत्री हितानंद शर्मा के अलावा कैलाश विजयवर्गीय, नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बैठक कर कई नामों पर चर्चा की.
हालांकि, अब पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में मुलाकात कई बड़े राजनीतिक संकेत दे रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आज इस बैठक के ज़रिये बीजेपी में शिवराज का अगला राजनीतिक सफ़र क्या होगा, इसपर चर्चा की जाएगी.
वहीं, मोहन यादव कैबिनेट में शामिल होने वाले नए चेहरों पर भी शिवराज से चर्चा होने की उम्मीद है. कुल मिलाकर आज जेपी नड्डा पूर्व सीएम शिवराज सिंह से उनकी पार्टी में नई भूमिका और कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं. साथ ही शिवराज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते है.
सूत्रों की मानें तो उन्हें संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद सौंपा जा सकता है. ख़ैर, ये तो अब मोदी-शाह और नड्डा ही तय करेंगे की शिवराज का आगे संगठन में क्या रोल होगा. क्योंकि, सूत्र तो इससे पहले भी बहुत कुछ कहते नज़र आ रहें थे पर आख़िरकार दिल्ली से आई एक पर्ची ने सारी बातों को एकदम दरकिनार सा ही कर दिया था.