साल 2020 में तो सिद्धू पर AK47 रखने के लिए भी FIR हुई। उसके बाद सिद्धू मूसेवाला ने रैप ट्रैक 47 लिखा और गाया जोक पॉपुलर भी हुआ..!
मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का आज दोपहर अंतिम संस्कार होगा। उनकी शव यात्रा शुरू हो चुकी है। अपने प्रिय गायक के अंतिम दर्शन करने और उनके अंति संस्कार में शामिल होने के लिए उनके पैतृक गांव मूसा में प्रशंसकों की भारी भीड़ पहुंची है। मंगलवार सुबह ही उनका शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपा गया था। इधर सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद एक बार फिर सिंगर के उन गानों की चर्चा हो रही है जिन्हें गन कल्चर के प्रमोशन के लिए जाना जाता है। सिद्धू मूसेवाला पर पहले से ही ऐसे आरोप लगते रहे और इस वजह से केस भी दर्ज हुए। गोलीबारी में ही उनकी मौत के बाद यह विवाद दोबारा उठ रहा है।
रविवार शाम मूसेवाला का गोलियों से भूनकर कत्ल कर दिया गया था।
मूसेवाला का जिन डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया उन्होंने बताया कि मूसेवाला के शव में गोलियों के 24 निशान मिले हैं। सिंगर के सिर, पैर, छाती और पेट को गोलियों से बुरी तरह से छलनी किया गया था। मूसेवाला के फेफड़े और लिवर में भी गोली लगी जिसकी वजह से मौके पर ही मौत हो गई।
कई अंतरराष्ट्रीय आर्टिस्ट्स और सिंगर्स के साथ काम कर चुके सिद्धू मूसेवाला की लाइफ एक रोलर कोस्टर जैसी थी। मूसेवाला सन 2021 में म्यूजिक प्लेटफॉर्म स्पॉटिफाई के टॉप 5 में आने वाले इकलौते पंजाबी सिंगर थे। 2021 में ही एप्पल म्यूजिक इंडिया पर सिद्धू का एल्बम भारत में दूसरा सबसे ज्यादा सुना जाने वाला एल्बम रहा था।
28 साल के इस नौजवान रैपर की हत्या की फिलहाल जांच चल रही है लेकिन ये यंग स्टार गैंग राइवलरी की भेंट चढ़ा है। उन्हें जिन बंदूकों और गोलियों से भूना गया, उनके गानों में इनका खूब जिक्र होता था।