राजधानी भोपाल का पहला सिक्स लेन प्रोजेक्ट आज यानि कि शनिवार से शुरू हो जाएगा। कुल 222 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कोलार के सिक्सलेन प्रोजेक्ट का भूमिपूजन सीएम शिवराज सिंह चौहान करेंगे। सिक्स लेन में मुख्य रूप से सर्व-धर्म पुल के साथ-साथ 27 अन्य छोटे पुल और पुलिया भी बनाए जाएंगे। भविष्य में प्रस्तावित मेट्रो प्रोजैक्ट के लिए भी सड़कों के बीच 3 मीटर की जगह छोड़ी जाएगी। ताकि आगे जाकर कोई परेशानी न हो। सिक्स लेन बनने से करीब पांच लाख की आबादी को राहत मिलेगी।
शाम 4 बजे सीएम इस परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इस दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह, सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, विधायक रामेश्वर शर्मा और मेयर मालती राय भी मौजूद रहेंगे। विधायक शर्मा ने बताया कि ये कार्यक्रम बीमा कुंज में होगा।
आम जनता को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पीले चावल के साथ आमंत्रित किया जाता है। साथ ही इस सिक्स लेन रोड पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक सिग्नल भी लगाए जाएंगे। सर्विस लेन के साथ 27 पुल और पुलिया भी बनाई जाएंगी। सर्व-धर्म कॉलोनी के निकट कलियासोत नदी पर मौजूदा पुल को जोड़ने वाला सबसे बड़ा पुल बनाया जाएगा। इसके लिए भूमिपूजन पहले किया गया है।
कोलार विश्राम गृह से गोल जोधपुर तक छह लेन की कुल लंबाई 15.10 किमी होगी। तो वहीं चूना भट्टी, मंदाकिनी, नयापुरा, ललितानगर, डी-मार्ट आदि के आसपास के चौराहों को भी चौड़ा किया जाएगा। सभी बाएं मोड़ों को चौड़ा किया जाएगा। कनेक्टिंग रूट को 50 से 200 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए सेंट्रल स्क्वायर में 3 मीटर चौड़ी जगह छोड़ी जाएगी। बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा। सड़क पर रोशनी का पूरा प्रबंध किया जाएगा। फुटपाथ भी बनाया जाएगा, जिससे कॉलोनी के लोगों को राहत मिल सके।
गोल जोड़ी से बैरागढ़ चिचली के बीच कोलार रोड की लंबाई 11 किमी है। इस बीच सर्वधर्म, मंदाकिनी, भीमकुंज, कान्हाकुंज, सीआई, चुना भट्टी क्षेत्र, नयापुरा, ललितानगर, घुंखेड़ा, नहर पुलिया सहित करीब 100 कॉलोनियों को बसाया गया है। यहां के लोग इसी रास्ते से आते हैं। बढ़ती आबादी के कारण अब सड़क बहुत संकरी हो गई है। यहां अक्सर ट्रैफिक जाम रहता है। साथ ही बारिश में सड़क काफी जर्जर हो जाती है। ऐसी ही तस्वीर इस बार भी देखने को मिली। इसलिए लंबे समय से सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
साथ ही इस सड़क पर भारी ट्रैफिक रहता है। खासकर सुबह 10 से 12 बजे और शाम 5 से 8 बजे तक, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। इसलिए करीब आठ महीने पहले पीडब्ल्यूडी ने सड़क को सिक्स लेन में बदलने का प्रोजेक्ट तैयार किया था।
सिक्सलेन बनाए जाने से कोलार वासियों के अलावा ओबेदुल्लागंज, मंडीदीप, सलकनपुर, हरदा, टिमरनी समेत अन्य जगहों से रोजाना आने-जाने वाले 5 लाख लोगों को फायदा होगा। जाम की समस्या से निजात मिलेगी। निर्माण के दौरान रूट डायवर्जन भी होगा। चूंकि ये शहापुरा से कनेक्टेड है, ऐसी स्थिति में ट्रेफिक के लिए कलियासोत ब्रिज एक बेहतर विकल्प होगा। इस पुल का लोकार्पण इसी साल किया गया था।