भोपाल: राज्य सरकार ने बालाघाट जिले में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड के पक्ष में आरक्षित छह तथा कटनी जिले में स्टील अथारिटी ऑफ इण्डिया के पक्ष में आरक्षित चूना पत्थर का एक ब्लाक ओपन कर दिया है तथा अब इनकी अन्य कंपनियों को नीलाम किया जायेगा।
मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड के लिये राज्य के खनिज विभाग ने 59 साल पहले वर्ष 1961 में बालाघाट जिले के जगनटोला ग्राम के उकवा में दो ब्लाक, ग्राम गुदमा, जगनटोला, दलदला, रुपझर, जगनटोला रेंज, घोंदी, धनसुआ रेंज में स्थित जगनटोला घोंदी ब्लाक-2, ग्राम बालाघाट, सरेखा, बघोली, टवेझरी, मझारा, एवं रावलघोंदी में भरवेली ब्लाक-3, ग्राम मेहदुली विचना, डोंगरगांव, हीरापुर, ख्रपडिया, सावन हाटी, चाकाहेटी, गुरेघाट में तिरोडी ब्लाक-1 तथा ग्राम गर्रा गुसाई, पिपरटोला हमेशा, चितेवानी डिस, शितलगढ़ हमेशा, कानपुर खासी, बोरी हमेशा, बौरी हतेडा, भाग टेकाडी, नेवागांव हमेशा, सावरगांव, तकलीघाट, जैतपुर खापा, पाढरवानी, मिरगपुर, मोहगांव घाट, टेकाडी, पुलपूटा, चतारा, तुयापार में गर्रा मिरगपुर ब्लाक-5, इस प्रकार कुल छह ब्लाक मैंगनीज ओर के खनन हेतु आरक्षित किये थे।
इसी प्रकार, कटनी जिले के ग्राम देवरीहटाई के कटनी मुडवपारा देवरीहटाई ब्लाक में चूना पत्थर के खनन हेतु स्टील अथारिटी ऑफ इण्डिया के पक्ष में साठ साल पहले वर्ष 1962 में आरक्षित किये थे। अब इन सातों ब्लाक को व्यपगत यानि लैप्स कर दिया गया है तथा ये ओपन हो गये हैं और इन्हें अब अन्य कंपनियों को नीलाम के जरिये खनन हेतु दिया जा सकेगा।