कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी को नियमित जांच के लिए बुधवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ अस्पताल में हैं।
सोनिया गांधी सांस संबंधी संक्रमण से जूझ रही हैं। सोनिया गांधी को कोविड संबंधी समस्याओं के कारण पिछले साल जून के महीने में भी दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि उन्हें कुछ दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को सोनिया गांधी की अस्वस्थता की वजह से ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली भारत जोड़ो यात्रा में सात किलोमीटर पैदल चलकर दिल्ली लौट आए थे।
बीती 24 दिसंबर को सोनिया गांधी दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चली थीं। ये दूसरी बार था जब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष यात्रा में शामिल हुईं। इससे पहले अक्टूबर में भारत जोड़ो यात्रा जब कर्नाटक में थीं तब भी सोनिया ने यात्रा में हिस्सा लिया था।