मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने शुक्रवार को गुजरात पहुंचे। उन्होंने सूरत जिले की मांडवी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी अनिरुद्ध भाई दवे के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। यहं उन्होंने अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी की तुलना बबूल और खरपतवार से कर दी।

एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस समय गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कल्प वृक्ष बताते हुए कहा कि जो भी जरूरत होगी मुहैया कराया जाएगा। इसी के साथ आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को बबूल का पेड़ बताया है।

शिवराज ने कहा कि केजरीवाल एक बबूल के पेड़ की तरह हैं, जिसमें सिर्फ कांटे ही नजर आएंगे। जबकि राहुल बाबा खरपतवार है, वह खुद फसल खराब कर देगा। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक कल्प वृक्ष हैं, उनसे जो चाहो मिलेगा।

गौरतलब है कि गुजरात में 182 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में होने वाले चुनाव का कार्यक्रम तीन नवंबर को घोषित किया गया था। पहले चरण में एक दिसंबर को 89 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, 92 सीटों पर पांच दिसंबर को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे आठ दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।