दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी मुकाबले में  इंदौर के 30 वर्षीय बल्लेबाज रजत पाटीदार ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का पदार्पण किया। रजत  भारत की ओर वनडे में पर्दापण करने वाले 255वें खिलाड़ी बने। हालाकि पाटीदार का वनडे पदार्पण खास नहीं रहा। उन्होंने शुरुआत अच्छी की लेकिन गलत शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे। रजत ने 16 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के के साथ 22 रन बनाए।

अगर मुकाबले की बात की जाये तो संजू सैमसन के शतक और तिलक वर्मा के अर्धशतक से भारतीय टीम ने गुरुवार को खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 78 रन से शिकस्त देकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। टीम इंडिया ने 2017-18 के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीका में वनडे सीरीज जीती है।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी की। भारतीय टीम ने शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद आठ विकेट पर 296 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 45.5 ओवर में 218 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मीडियम पेसर अर्शदीप ने चार विकेट चटकाए।

जीत का हीरो : संजू ने 108 रन की पारी खेली

भारत की शुरुआत खराब रही थी और उसने 101 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। लेकिन संजू ने एक छोर से पारी को संभाले रखा और करियर का पहला शतक लगाया। प्लेयर ऑफ द मैच बने संजू सैमसन ने 114 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों के साथ 108 रन बनाए।

116 रन की साझेदारी: संजू सैमसन को तिलक वर्मा का अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 136 गेंदों में 116 रन की शानदार साझेदारी की।

तिलक, रिंकू भी चमके: तिलक वर्मा ने धीमी शुरुआत के बाद 77 गेंदों में 52 रन बनाए। तिलक ने पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए करियर का पहला अर्धशतक ठोका। रिंकू सिंह ने 27 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों संग 38 रन बनाए।