फिल्म स्टार सोनू सूद ने दिल्ली में बीजेपी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष से उनके आवास पर मुलाक़ात की है। इसके बाद इस बात की अटकलें तेज हो गई हैं, कि क्या सोनू सूद बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं।
सोनू सूद कोरोना काल में लोगों की मदद करके चर्चा में आए थे। पिछले साल सोनू ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाक़ात की थी। इसके बाद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस करके इस बात की घोषणा की थी, कि बच्चों के लिए देश के मेंटर कार्यक्रम शुरु किए जाएंगे सोनू सूद इसके ब्रांड एम्बेसडर होंगे। उस समय भी सोनू के आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने की कवायदें तेज़ हो गईं थी।
लेकिन इसके विपरीत सोनू सूद ने तो पार्टी ज्वाइन नहीं की बल्कि उनकी बहन मालविका सूद पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गईं थीं। मालविका ने पंजाब के मोगा से कांग्रेस की सीट पर चुनाव भी लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उसी दौरान सोनू सूद ने तत्कालीन पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से भी मुलाक़ात की थी।
इस बार की सोनू सूद की बीजेपी के बी एल संतोष से मुलाकात को भी राजनीतिक कारणों से जोड़कर देखा जा सकता है। अब सोनू बीजेपी ज्वाइन करते है या नहीं ये तो आने वाले दिनों में सामने आ ही जाएगा। लेकिन कोरोना काल में लोगों को मुंबई से अपने-अपने घर जाने में मदद करने के कारण सोनू असल जिंदगी में हीरों हैं, ये तो साबित हो ही गया है।