मध्य प्रदेश में बढ़ते अपराध को देखते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर अधिकारियों की क्लास ली। मुरैना, भोपाल और सतना मामलों में उन्होंने सख्ती दिखाई है। भोपाल में एक विदेशी नागरिक के साथ लूटपाट, सतना जिले में पीएम आवास योजना में व्यवधान और मुरैना जिले में एक डाकू गुड्डा गुर्जर द्वारा लोगों को धमकाया जा रहा है।
सीएम शिवराज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी के भी तरह की कोताही और मनमानी की इजाजत नहीं दी जाएगी। राज्य के लोगों को सुरक्षा और सुशासन प्रदान करना हमारी जिम्मेदारी है। सतना मामले के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि सभी स्वीकृत मकानों की लाभार्थीवार जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। जांच में गरीबों को ठेस न पहुंचे इसका भी ध्यान रखें।

उधर, एक विदेशी नागरिक के साथ लूट के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक विदेशी नागरिक के साथ लूट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाओं से राज्य की छवि को धूमिल होती है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और भविष्य में सावधानी बरतनी चाहिए। और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसा कभी न हो।

बता दें कि सीएम की सख्हती के बाद लोक निर्माण विभाग और निगम हरकत में आ गया है। सीएम की ओर से सड़कों को लेकर झाड़ पड़ने के बाद अधिकारी सजग हो गए हैं। वहीं  नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग के बीच की खींचतान भी खत्म हो गई है। गुरुवार को दोनों विभागों के अधिकारियों के बीच एक बड़ी बैठक हुई। तो वहीं शुक्रवार से दोनों का एक्शन शुरू हो जाएगा।

जानकारी के मुताबिक हमीदिया रोड और भारत टॉकीज रोड से पैचवर्क का काम शुरू हो जाएगा।  इन सड़कों की हालत देखकर मुख्यमंत्री ने उन्हें फटकार लगाई। दोनों विभाग सड़कों की मरम्मत करेंगे। साथ ही जीर्णोद्धार की मुख्य जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी। पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों की मौजूदगी में सड़कों के सुधार का काम निगम करेगा।