बिग बॉस 16 की कंटेस्टेंट सुंबुल तौकीर खान शालीन भनोट के साथ अपने वन साइडेड लव को लेकर चर्चा में बनी हुई थी। अभिनेता के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियों को देखकर दर्शक काफी हैरान थे। इस बात को लेकर घर के अंदर का माहौल भी काफी गरमाया हुआ था।

अभिनेत्री महज 18 साल की हैं, इसलिए उन्हें समझाने के लिए मेकर्स ने उनके पिता को शो पर बुलाया था। 'शुक्रवार का वार' एपिसोड में सुंबुल तौकीर के पिता शो पर आए और अपनी बेटी को काफी बातें समझाकर गए। इस दौरान सुंबुल के पिता ने शालीन और टीना दत्ता को खूब खरी-खोटी सुनाई और दोनों पर देशभर में अपनी बेटी की इज्जत का तमाशा बनाने का भी आरोप लगाया था।

हालाँकि, सुंबुल तौकीर खान पर उनके पिता के समझाने का कोई खास असर नहीं हुआ। बल्कि वह उनके जाते ही शालीन और टीना के पास माफी मांगने पहुंच गई। इतना ही नहीं सुंबुल, शालीन और टीना को सफाई भी देती नजर आई। बता दें, सुंबुल के पिता ने उन्हें इन दोनों से दूर रहने की नसीहत दी थी। पिता की नसीहत को नजरअंदाज कर के सुंबुल फिर से शालीन और टीना के साथ दोस्ती निभाती नजर आ रही हैं।

सुंबुल की इस हरकत को देखकर शनिवार के वीकेंड के वार एपिसोड में सलमान खान भी उन्हें समझाते नजर आए। सलमान के समझाने पर भी सुंबुल सुधरने का नाम नहीं ले रही है।