शोपियां में आतंकियों ने एक कश्मीरी पंडित को गोली मार दी, जिसके बाद घायल अवस्था में शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। कश्मीर में कश्मीरी पंडित पहले से ही सुरक्षा को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में एक कश्मीरी पंडित को गोली मारने हत्या किए जाने से बात और भी बिगड़ती नज़र आ रही है।

कश्मीरी पंडित को गोलीमार कर हत्या करने की घटना शोपियां के चौधरी गुंड गांव की बताई जा रही है। मारे गए व्यक्ति की पहचान पूरन कृष्ण के रूप में हुई है। इलाके में आतंकवादी लगातार नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। अगस्त की शुरुआत में, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घाटी में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान आतंकवादियों ने दो कश्मीरी पंडितों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस बात को लेकर घाटी में लोगों में पहले से ही गुस्सा है।

अब कश्मीरी पंडितों ने पूरन कृष्ण भट्ट की हत्या के ख़िलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हमले की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने सरकार से बार-बार कहा है कि घाटी में स्थिति सामान्य नहीं है, लेकिन फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। 

उन्होंने कहा कि वे लगभग चार महीने से इस बात को लेकर विरोध जता रहे हैं और कश्मीरी पंडितों को घाटी से बाहर बसे जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है, कि अभी तक किसी आतंकी संगठन ने घटना की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरन कृष्ण शोपियां के चौधरी गुंड में बगीचे में पौधा लगाने जा रहे थे तभी आतंकियों ने फायरिंग कर दी। इलाके में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। घाटी में आए दिन होने वाली घटनाओं से कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा के साथ-साथ पूरे सिस्टम पर ही सवाल उठ खड़े हुए हैं। कब तक घाटी में इसी तरह से कश्मीरी पंडितों की हत्या की जाती रहेगी। ये कोई अपनी तरह का पहला मामला नहीं है। पहले भी यहां इस तरह की घटनीएं हो चुकी हैं।