उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक छात्रा का शिक्षिका के हाथ दबाने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद यूपी की इस शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है। वीडियो वायरल होने के कुछ घंटों बाद, शिक्षा विभाग ने उनके निलंबन का आदेश जारी कर दिया। वहीं मामले पर टिप्पणी करते हुए हरदोई बेसिक शिक्षा अधिकारी बीपी सिंह ने कहा इस मामले की पूरी जांच की जाएगी। 

वायरल वीडियो में, पोखरी प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका को एक कुर्सी पर आराम से बैठे हुए देखा जा सकता है और एक बच्चा शिक्षिका के हाथों को दबा रहा अन्य बच्चे क्लास में इधर-उधर भागते दिख रहे हैं।

ये स्कूल बावन प्रखंड के बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आता है, शिक्षिका का नाम स्कूल में उर्मिला सिंह बताया जा रहा है, जिन पर बच्चों को पढ़ाने की बजाय अजीबोगरीब काम कराने का आरोप लगाया गया है।

शिक्षक की हरकत से नाराज हरदोई बेसिक शिक्षा अधिकारी बीपी सिंह का कहना है, कि 'यह वीडियो मुझे भी सोशल मीडिया के जरिए मिला। प्रथम दृष्टया शिक्षक को दोषी पाया गया है। उनके निलंबन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। 

बता दें कि क्लास के बच्चे अपने माता-पिता से टीचर के अजीब कामों के बारे में शिकायत कर रहे थे। बच्चों के माता-पिता ने कहा कि वो बहुत गर्म स्वभाव की थी लेकिन अभी तक उसके खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई थी। माता-पिता ने कहा कि वीडियो को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जाने के बाद ही टीचर के खिलाफ कार्रवाई की गई।