भोपाल: राजगढ़ जिले के ब्यावरा (सुठालिया) में सागौन तस्करों ने वनकर्मियों पर फायरिंग कर दी। हमले में डिप्टी रेंजर सहित 3 वनकर्मी घायल हो गए। तस्करों ने सरकारी वाहनों के कांच फोड़े, टायर काटे और मौके से फरार हो गए। घटना राजगढ़ जिले के ब्यावरा के अंतर्गत उकावद मार्ग - लटेरी क्षेत्र की है। तस्करों का यह गिरोह आधी रात को लगभग 12 बाइकों पर सवार होकर अवैध सागौन की लकड़ी का परिवहन कर रहा था। 

Image
Image
Image

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम  तस्करों को पकड़े तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। तस्कर वन विभाग की टीम देखकर पहले लकड़ी छोड़कर भाग गए। इसके कुछ देर बाद कुल्हाड़ियों, लाठियों और हथियारों से लैस होकर भारी संख्या में लौट आए। जवाबी हमले में 3 वनकर्मी घायल हुए हैं, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई है, और करीब आधे घंटे तक संघर्ष चला। वन विभाग ने सुठालिया थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।