तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के आदिबतला इलाके में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां शादी से इनकार करने वाली महिला डॉक्टर को 100 से ज्यादा लोग जबरन घर से उठा ले गए। बदमाशों ने उसके घर में तोड़फोड़ की और लड़की के पिता को लाठियों से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
इस मारपीट में युवती के पिता घायल हो गए। परिवार का कहना है कि 100 से ज्यादा बदमाशों ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया। हालांकि करीब छह घंटे बाद पुलिस ने महिला डॉक्टर को रेस्क्यू लिया और घर पहुंचाया। इस मामले में 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि युवती का नाम वैशाली है और वह पेशे से डेंटिसिट है। दो साल पहले बैडमिंटन खेलते समय उसकी मुलाकात आरोपी नवीन से हुई थी। वैशाली के पिता का कहना है कि नवीन वैशाली को शादी के लिए मजबूर कर रहा था। वह वैशाली को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी परेशान कर रहा था। इसको लेकर पुलिस में शिकायत भी की गई थी।
वैशाली के पिता ने कहा कि नवीन की पास ही में चाय की दुकान है। उसने दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ घर में तोड़फोड़ की। उन्होंने आरोप लगाया कि नवीन और उनके स्टाफ ने वैशाली को बेडरूम से बाहर खींच लिया और कार में बिठाकर ले गए।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नवीन समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। राचकोंडा के अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि पुलिस ने घटना के छह घंटे के भीतर ही युवती को रेस्क्यू कर लिया है। उन्होंने कहा है कि अपहरण के बाद बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और धमकी दी है। इस सिलसिले में पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।