भोपाल: राज्य सरकार ग्वालियर एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त पड़े अपने स्टेट प्लेन डबल इंजन किंग एयर बी-250 टर्बोप्राप को बेचने के लिये उसकी कीमत का आकलन करने के लिये टेंडर जारी करेगी। यह प्लेन अमेरिका के टेक्स्ट्रॉन से 61 लाख 75 हजार अमेरिकी डॉलर में क्रय किया गया था परन्तु कुछ ही महिनों में 210 घंटे 2 मिनट की उड़ान भरने के बाद 6 मई 2021 को ग्वालियर के एयरफोर्स हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और अब यह उड़ान के योग्य नहीं है और तब से ही यह वहीं बेकार पड़ा हुआ है।
इस प्लेन का बीमा भी नहीं था जिससे राज्य सरकार को काफी नुकसान पहुंचा है। अब इसे बेचने की प्रक्रिया विमानन विभाग ने प्रारंभ की है। जिसके तहत पहले इस ग्राउंड पड़े स्टेट प्लेन की कीमत तय करने के लिये निजी विमान निर्माता कंपनियों से ऑफर मांगने के लिये टेंडर जारी किये जायेंगे। जो कंपनी सबसे अधिक कीमत लगायेगी, उसे टेंडर स्वीकृत किया जायेगा तथा यही स्वीकृत कीमत इस ग्राउंड पड़े स्टेट प्लेन की ऑफसेट प्राइज होगी। इसके बाद इसे बेचने के पुन: टेंडर जारी किये जायेंगे तथा जो कंपनी ऑफसेट प्राइज से ज्यादा कीमत देगी, उसे यह प्लेन बेच दिया जायेगा।
ग्वालियर में दुर्घटनाग्रस्त हुये स्टेट प्लेन के मामले में सरकारी पायलट कैप्टन सैयद माजिद अख्तर को राज्य सरकार ने निलंबित किया हुआ है तथा रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अशोक सिंह उनकी विभागीय जांच कर रहे हैं जिसकी रिपोर्ट अभी प्रस्तुत नहीं हुई है।