आगरा के सैंया टोल पर अवैध खनन से लदे ट्रैक्टरों के निकाले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पहले ट्रैक्टर से टक्कर मार कर टोल का बैरियर तोड़ा गया। फिर एक-एक करके वहां से 13 ट्रैक्टर निकाले गए।  रविवार को सुबह 4 बजकर 55 मिनट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।  

50 सेकेण्ड के इस वीडियो में अवैध खनन लदे 13 ट्रैक्टरों को टोल का बैरियर तोड़कर निकला गया। टोल कर्मियों ने डंडे बरसाकर इन ट्रैक्टरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालकों ने ट्रैक्टर नहीं रोके। खनन माफिया के इस दुस्साहस का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे लेकर पुलिस व प्रशासन भी सकते में है।

देखने वाली बात ये है कि कलेक्ट्रेट में टोल की निगरानी के लिए बना सीसीटीवी कैमरे से लैस कंट्रोल रूम भी रविवार को बंद था। यहां पिछले एक सप्ताह से खनन माफिया की गतिविधियां फिर बढ़ गई हैं। बड़े पैमाने पर बिना नंबर के ट्रैक्टर, ट्रक व डंपर से अवैध खनन किया जा रहा है।

यहां तक कि पुलिस-प्रशासन भी खनन माफिया को रोक पाने में  फेल हो गया। पिछले दिनों 150 से अधिक अवैध खनन करते वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी, लेकिन फिर भी अवैध खनन पर लगाम नहीं लग सकी।