राजधानी भोपाल में तेज बारिश के बाद विभिन्न स्थानों पर होने वाले पुतले दहन को लेकर आशंकाओं के बादल छा गए। वहीं विभिन्न समितियों द्वारा रावण मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों को बारिश से बचाने के जतन किए जा रहे हैं। आयोजन स्थल पर अन्य व्यवथाएं भी बारिश से प्रभावित हो रहीं हैं।  

भोपाल में देर रात से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से लेकर दोपहर तक कभी तेज तो कभी बूंदा-बांदी होती रही। इस बीच राजधानी में कई स्थानों पर होने वाले रावण दहन के आयोजनों को लेकर सवाल उठने लगे।  

आयोजन समितियां भी बारिश के बीच पुतलों को भीगने से बचाने की मशक्कत करती दिखीं। कुछ स्थानों पर रावण मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों को पॉलिथीन से कवर किया गया तो कुछ स्थानों पर पुतलों को रेनकोट पहनाए गए।  

गौरतलब है कि राजधानी में  बिट्टन मार्केट, टीटी नगर, अशोका गार्डन, कोहेफिजा, कोलार, सलैया, कलियासोत समेत 20 से ज्यादा स्थानों पर बड़े स्तर पर रावण दहन कार्यक्रम होगा। सबसे बड़ा आयोजन छोला दशहरा ग्राउंड पर होगा। इसमें CM शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। वहीं टीटी नगर दशहरा मैदान पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल मौजूद रहेंगे। इसके अलावा शहर के कॉलोनी कैम्पस, गली और मोहल्लों में पुतले दहन की तैयारी की गई है।