भोपाल: प्रदेश के अनेक शहरों एवं कस्बों में बंदरों के विचरण को वन विभाग ने नैसर्गिक बताया है तथा कहा है कि बंदरों के नगरीय क्षेत्र में विचरण पर वन विभाग द्वारा नगरीय निकायों को पूर्ण सहयोग कर इन्हें वहां से भगाया जाता है।

दरअसल यह मामला शिवपुरी के अभिभाषक अशोक कुमार जैन ने लिखित शिकायत के माध्यम से उठाया था तथा उन्होंने शिवपुरी जिले के करैरा नगर से बंदर पकड़वाने का आग्रह सीएम से किया था। सीएम ने शिकायत के निराकरण की कार्यवाही वन विभाग को सौंपी जिस पर उसने अपनी रिपोर्ट में उक्त बात कही है।

उल्लेखनीय है कि बंदर जाति वन कानून के तहत शेड्यूल्ड वन्यप्राणी है तथा इसे कोई मार नहीं सकता है और न ही पकड़ कर अपने पास रख सकता है।