बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक, गीतकार और फिल्म निर्माता सावन कुमार ने गुरुवार को अंतिम सांस ली। इसके बाद आज उनका अंतिम संस्कार पवन हंस श्मशान घाट में किया गया, जहां उनके छोटे भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी। सावन कुमार के अंतिम दर्शनों के लिए कई सारे बॉलीवुड स्टार्स उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे, तो कई ने उनके घर जाकर संवेदना व्यक्त की, हर किसी की आंखें नम दिखाई दी।

सावन कुमार का निधन हार्ट अटैक और मल्टीपल-ऑर्गन फेलियर के कारण हुआ। वे 86 साल के थे, सावन कुमार फेफड़ों से संबंधित बीमारी से लड़ रहे थे। पिछले काफी समय से उन्हें बुखार था। कुछ समय पहले उन्हें निमोनिया की वजह से अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जिसके बाद हुई जांच से पता चला कि उनके फेफड़े खराब हो चुके थे। 

सावन कुमार ने लंबे समय तक हिंदी सिनेमा में बतौर निर्देशक काम किया। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म 'नौनिहाल' से की थी, जिसमें एक्टर संजीव कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसी के साथ उन्होंने मीना कुमारी की आखिरी फिल्म 'गोमती के किनारे' का भी निर्देशन किया था।

साल 1972 में रिलीज फिल्म गोमती किनारे उस समय की सबसे हिट फिल्म रही है। सावन कुमार टाक हिंदी सिनेमा में कई सुपरस्टार्स के साथ काम कर चुके हैं। इसमें राजेश खन्ना, जितेंद्र, श्रीदेवी, जयाप्रदा समेत सलमान खान का नाम भी शामिल है। बता दें कि सावन कुमार हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में महिला प्रधान फिल्म बनाने के लिए जाने जाते थें। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘सौतन की बेटी’, ‘हवस’, ‘सौतन’, ‘बेवफा से वफा’, ‘सनम बेवफा’ और चांद का टुकड़ा शामिल हैं।