‘कौन बनेगा करोड़पति’ यानि कि KBC का प्रसारण पिछले 22 सालों से सोनी टीवी पर किया जा रहा है। ये एक क्विज बेस्ड शो है, जिसे लोग काफी पसंद करते हैं। इस शो की वजह से आम लोगों में से कईयों का करोड़पति बनने का सपना सच हो सका है। सालों से ये शो दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है। केवल सीजन 3 को छोड़ कर, शुरू से अब तक इसे बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ही होस्ट कर रहे हैं।
इन दिनों शो का 14वां सीजन चल रहा है, जो काफी सुर्खियां बटोर रहा है। जहां शो में अमिताभ बच्चन अपने सीक्रेट्स शेयर करके दर्शकों को हैरान कर देते हैं, तो वहीं कुछ कंटेस्टेंट अपनी जिंदगी से जुड़ी कहानी बयां करके बिग बी को भौंचक्का देते हैं। सीजन के लेटेस्ट एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही हुआ।
KBC 14’ के बीते एपिसोड में फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड में सबसे पहले जवाब देने वाली एमपी की रानी पाटीदार हॉटसीट पर पहुंचीं। रानी पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बिग बी को अपने संघर्ष की कहानी सुनाई।
साथ ही रानी ने बिग बी को ये भी बताया कि एमपी के रतलाम जहां से वे आई हैं तीन चीजें फेमस हैं, सेव, साड़ी और सोना। रानी अपने साथ बिग बी और जया बच्चन के लिए सेव और साड़ी भी साथ लाई थीं। साथ ही बिग बी से कहा कि, वह ज्वेलरी उन्हें गिफ्ट कर दें।
अलावा इसके रानी ने शो में बताया कि लड़की होने के कारण किस तरह से लोग उनके पिता को ताने दिया करते थे। क्योंकि उनका कोई बेटा नहीं था। वहीं रानी ने बिग बी से कहा, कि “मेरे माता-पिता ने मुझे पढ़ाने के लिए बहुत संघर्ष किया है। पापा को हमेशा बताया जाता था कि, आपका कोई महत्व ही नहीं है इस समाज में, क्योंकि आपका कोई बेटा नहीं है। मुझे पढ़ाने के लिए उन्होंने अपना घर तक छोड़ दिया। तभी से मैंने ठान लिया कि, मुझे कुछ करके दिखाना है।”
रानी की ऐसी संघर्षपूर्ण कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भी शॉक्ड हो जाते हैं। और रानी के पिता के सामने हाथ जोड़ते हैं। साथ ही कहते हैं, “आज आपने हमें गौरवान्वित कर दिया है. आप कई लोगों के लिए एक उदाहरण हैं.”