भोपाल: राजधानी भोपाल के कलियासोत क्षेत्र में केंद्र सरकार की योजना एवं सहायता राशि से तहत बन रहे नगर वन का कार्य वहां बाघ विचरण के कारण रुक गया है। इस नगर वन पर प्रदेश के वन मुख्यालय की ग्रीन इण्डिया मिशन शाखा ने दो करोड़ रुपये मंजूर किये हैं जिसमें से अब तक 1 करोड़ 40 लाख 35 हजार रुपये व्यय हो चुके हैं।

यह नगर वन 50 हैक्टेयर से अधिक क्षेत्र में है तथा इसमें फैंसिंग भी है लेकिन इसके बावजूद इसमें पिछले दिनों समीपस्थ रातापानी अभयारण्य का एक बाघ कूदकर अंदर आ गया था। इसी कारण से इसका कम्प्लीशन कार्य रुका पड़ा है। भोपाल जिला कलेक्टर इस नगर वन का दौरा कर चुके हैं। ग्रीन इण्डिया मिशन के एपीसीसीएफ एपी शर्मा का कहना है कि बाघ के विचरण से समुचित सुरक्षा उपाय होने के बाद ही इसका अधूरा कार्य पूर्ण होगा।

उल्लेखनीय है कि नगर वन को आम लोगों के भ्रमण हेतु तैयार किया जा रहा है, यदि वहां बाघ का विचरण रहा तो आम लोगों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इधर भोपाल में ही शाहपुरा के मोरवन में 70.82 हैक्टेयर में भी दूसरा नगर वन बनाया जा रहा है। इसके लिये भी ग्रीन इण्डिया मिशन दो करोड़ रुपये देगा जिसमें से वह 1 करोड़ 40 लाख 35 हजार रुपये की राशि जारी कर चुका है।

चूंकि इस नगर वन को जैव विविधता पार्क भी बनाया जाना है, इसलिये इसके विकास में दो करोड़ रुपये से ज्यादा राशि खर्च होगी। इसलिये वन विभाग के जैव विविधता बोर्ड ने मोरवन के विकास का काम अपने हाथ में ले लिया है और निजी एजेन्सियों से इसके विकास के प्रपोजल आमंत्रित किये हैं। यहां पैदल पाथ वे बनेगा, दो वाटर बाडी का विकास किया जायेगा तथा चार गेट भी बनाये जायेंगे। इसके अलावा, वहां स्थित एक शमशान घाट का विकास भी किया जायेगा।

बारह नगर वन तैयार होंगे प्रदेश में:

ग्रीन इण्डिया मिशन प्रदेश के 11 जिलों में बारह नगर वन तैयार करवा रहा है। इसके लिये उसने 18 करोड़ 11 लाख 66 हजार रुपये स्वीकृत किये हैं और 12 करोड़ 67 लाख 46 हजार रुपये की राशि जारी कर चुका है। भोपाल में दो नगर वन बनेंगे।

जबलपुर के वगर वन हेतु स्वीकृत 2 करोड़ रुपये में से 1 करोड़ 40 लाख 35 हजार रुपये, दक्षिण सागर के नगर वन हेतु स्वीकृत 1 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये में से 95 लाख 90 हजार रुपये, देवास के नगर वन हेतु स्वीकृत 1 करोड़ 99 लाख 62 हजार रुपये में से 1 करोड़ 39 लाख 38 हजार रुपये, सतना के नगर वन हेतु स्वीकृत 94 लाख 14 हजार रुपये में से 65 लाख 89 हजार 800 रुपये, रतलाम के नगर वन हेतु स्वीकृत 1 करोड़ 68 लाख 50 हजार रुपये में से 1 करोड़ 17 लाख 95 हजार रुपये, सिंगरौली के नगर वन हेतु स्वीकृत 1 करोड़ 50 हजार रुपये में से 70 लाख 35 हजार रुपये, कटनी के नगर वन हेतु स्वीकृत 1 करोड़ 42 लाख 10 हजार रुपये में से 99 लाख 47 हजार रुपये, उज्जैन के नगर वन हेतु स्वीकृत 2 करोड़ 50 हजार रुपये में से 1 करोड़ 40 लाख 35 हजार रुपये एवं इंदौर के नगर वन हेतु स्वीकृत 58 लाख रुपये में से 40 लाख 60 हजार रुपये जारी किये जा चुके हैं।