MP weather Update: पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में धूप तीखी रही। जिसके कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें भी 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, बुधवार को कई जिलों में बारिश की संभावना है।
प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। विभिन्न स्थानों पर बन रही मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में हवाओं की दिशा बदल गई है। इन हवाओं के साथ अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से कुछ नमी भी आ रही है। इसके चलते बादल छाने लगे हैं। बुधवार को ग्वालियर, चंबल, सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है। बादलों के प्रभाव से रात के तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
मंगलवार को मौसम का हाल देखें तो राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी रही। मंडला और खरगोन में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के प्रमुख जिलों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान पर नजर डालें तो भोपाल में न्यूनतम 14.8, अधिकतम 32.2, ग्वालियर में न्यूनतम 13.8, अधिकतम 24.9, इंदौर में न्यूनतम 16.4, अधिकतम 31.5, पचमढ़ी में न्यूनतम 9.5, अधिकतम 28.6, उज्जैन में न्यूनतम 16, अधिकतम 32, जबलपुर में न्यूनतम 13.8, अधिकतम 31, मंडल में न्यूनतम 12.3, अधिकतम 33.6, सिवनी में न्यूनतम 17, अधिकतम 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कला, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।