भोपाल : राज्य के वन विभाग द्वारा सितम्बर माह में अपने विभिन्न वन डिपो के माध्यम से लकडिय़ों आदि की नीलामी का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि सितम्बर माह में किसी भी वन डिपो में इलेक्ट्रानिक पध्दति से ऑनलाईन आक्शन नहीं होगा बल्कि बोलीदारों द्वारा भौतिक रुप से उपस्थित होकर नीलामी में भाग लिया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि सीएम ने पिछले साल 1 दिसम्बर से सभी वन डिपो में ई-नीलामी किये जाने के निर्देश दिये थे। परन्तु वन विभाग ने पोर्टल का सिक्युरिटी आडिट न होने का बहाना बनाकर ई-नीलामी शुरु नहीं की तथा दिसम्बर माह के बाद से हर माह जारी किये जाने वाले नीलामी कार्यक्रम में दो-चार वन डिपो को पायलट प्रोजेक्ट के रुप में ई-नीलामी में लिया जाता रहा। लेकिन इस बार सितम्बर माह के कार्यक्रम में वन विभाग ने एक भी वन डिपो में ई-नीलामी नहीं रखी है।