मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध देवी मंदिर सल्कनपुर में चोरी की एक घटना सामने आई है। देवी को चढ़ाए गए लाखों रुपये से भरे बोरे चोर ले गए हैं। चोरी की घटना के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर रही है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच में दो नकाबपोश मिले हैं। सीहोर जिले के एसपी भी मंदिर पहुंचे हैं।
सलकनपुर देवी धाम को विजयासन देवी धाम के नाम से भी जाना जाता है, ये देवी धाम मध्यप्रदेश के सिहोर जिले के रेहटी में स्थित है। यहां मंगलवार तड़के तीन बजे के करीब चोरों ने मंदिर परिसर के स्ट्रांग रूम में रखे नोटों से भरे पांच बोरे चोरी कर लिए। एक अनुमान के मुताबिक चोरों ने जो बोरियां उठाई उनमें पांच लाख रुपये से अधिक थे।
मंदिर समिति के उपाध्याय महेश के मुताबिक पांच में से दो बोरे रोप-वे के पास पहाड़ी से नीचे गिराए गए हैं। जबकि जो बोरे ले जाए गए हैं उनमें पांच लाख रुपए होने की बात कही जा रही है। देर रात के CCTV फुटेज में दो नकाबपोश चोर स्ट्रांग रूम की ओर जाते दिख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मंदिर से चोरों ने नोटों से भरी पांच बोरी चोरी कर ली है। हालांकि, नोटों से भरी दो बोरियां भी रोप-वे के पास पहाड़ी के नीचे पड़ी मिली हैं। सूचना मिलते ही एसपी, आईजी समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है, जांच जारी है।
बताया जा रहा है, कि मंदिर में चढ़ावे में जो भी राशि आती है, उसे चंद मिनटों में ही दानपेटी से निकालकर बोरे में भरकर स्ट्रांग रूम में रख दिया जाता है। चोरों ने स्ट्रांग रूम का ताला तोड़ा और दान से भरी बोरी लेकर फरार हो गए।
खास बात यह है कि यहां हमेशा श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं पर भी चोरों की नजर रहती है। बताया जा रहा है, कि यहां पिछले कुछ दिनों में ही 40 मोबाइल फोन चोरी हो चुके हैं। इसके अलावा गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन भी गायब हो गई है। ऐसी कई शिकायतें थाने में आ चुकी हैं।