मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची रविवार को जारी कर दी। इस लिस्ट में भोपाल की नरेला सीट से मनोज शुक्ला, भोपाल मध्य से आरिफ मसूद और बैरसिया विधानसभा सीट से जयश्री हरिकरण को उम्मीदवार बनाया है। वहीं चार सीटों पर पेंच फंस गया है।
बड़ी बात यह है कि कांग्रेस जिन चार सीटों पर नाम का ऐलान नहीं कर पाई है उनमें दो सीटें भोपाल उत्तर और भोपाल दक्षिण पश्चिम उसके कब्जे में हैं। भोपाल उत्तर सीट पर कांग्रेस के आरिफ अकील और दक्षिण पश्चिम में पीसी शर्मा विधायक हैं। हुजूर और गोविंदपुरा सीट पर भी कांग्रेस प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं कर सकी है।
भोपाल उत्तर सीट विधायक आरिफ अकील की सेहत के चलते उनके परिवार में किसी एक नाम पर सहमति न बनने के कारण उलझती दिख रही है वहीं भोपाल दक्षिण पश्चिम में विधायक पीसी शर्मा को अपनी ही पार्टी के संजीव सक्सेना से चुनौती मिल रही है।
कांग्रेस की सूची में भोपाल मध्य सीट से विधायक आरिफ मसूद पर फिर दांव खेला है। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2018 में भाजपा नेता सुरेंद्रनाथ सिंह को हराया था। वहीं बैरसिया सीट से विधानसभा चुनाव 2028 में हार का सामना करने वाली जयश्री हरिकरण को टिकिट दिया है।
कांग्रेस ने नरेला सीट से नए एवं युवा चेहरे मनोज शुक्ला को टिकट दिया है। मनोज शुक्ला, बीते चार साल से लगातार नरेला क्षेत्र में युवाओं के बीच सक्रिय होकर काम कर रहे थे। उनकी इसी सक्रियता के चलते पार्टी ने भाजपा की कब्जे वाली नरेला सीट पर मनोज शुक्ला को मैदान में उतारा है।