छत्तीसगढ़ के दुर्ग में तीन साधुओं की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो वायरल है. बच्चा चोरी किए जाने के शक में भीड़ ने इन साधुओं को बुरी तरह से पीट दिया. दुर्ग थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के शक में 3 साधुओं को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी. पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मारपीट करने वाले ग्रामीणों की तलाश शुरू कर दी है. 

बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के चरौदा गांव में बच्चा चोरी किए जाने की अफवाह अचानक फ़ैल गई थी. इसी बीच ग्रामीणों ने तीनों साधुओं को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी. ग्रामीणों ने साधुओं को इतना पीटा कि वे लहूलुहान हो गए. उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों से उनको न मारने की अपील भी की, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी और उन्हें मारना जारी रखा.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई. जब इन साधुओं की पिटाई की जा रही थी तभी किसी ने इसका वीडियो बना लिया, अब ये तेजी से वायरल हो रहा है.

थाना प्रभारी ने बताया कि साधुओं पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है. मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है.

वहीं दुर्ग ज़िले के पुलिस अधीक्षक ने इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि चरौदा गांव में बच्चा चोरी की अफवाह पर ग्रामीणों ने तीन साधुओं की पिटाई कर दी, IPC की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है. अब जल्द ही इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा.