MP Forest: मध्यप्रदेश में बाघों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है. हाल ही में खबर मिली है कि छिंदवाड़ा जिले में रविवार सुबह कुएं में गिरने से बाघ की मौत हो गई. ख़बरों की मानें तो पूरी घटना पांढुर्णा विकासखंड में बड़चिचोली के जूनापानी गांव की है.

जहां एक किसान जब्बार खान सुबह खेत में पानी लगाने के लिए कुएं की मोटर चालू करने पहुंचा, तभी उसने बाघ को अंदर छटपटाते हुए देखा. उसने तुरंत वन विभाग की टीम को इसकी जानकारी दी.

जूनापानी गांव मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर है. सूचना मिलते ही दोनों राज्यों की टीम मौके पर पहुंचीं, परंतु तब तक बाघ की मौत हो चुकी थी. वह काफी देर तक अपनी जान बचाने की जद्दोजहद करता रहा.

वह लंबे समय तक तैरते-तैरते थक चुका था. जिससे आख़िरकार पानी में डूब गया और जान चली गई. फ़िलहाल, बाघ के शव को बाहर निकाल लिया गया है. दोनों ही राज्यों की फॉरेस्ट टीम मामले की जांच कर रही है.