हिंदी फिल्मों को कोरोना काल के बाद से मिल रहे ठंडे रिस्पांस से बॉलीवुड में जबर्दस्त बेचैनी है। आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा और अक्षय कुमार की रक्षाबंधन बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई है। लाल सिंह छह दिन में बमुश्किल 50 करोड़ के आंकड़े तक आ सकी है। अक्षय की फिल्म 40 करोड़ पर है। साफ लग रहा है कि अब बॉलीवुड इस समय अपने सबसे बुरे दौर में है। इंडस्ट्री ने कभी नहीं सोचा होगा कि उन्हें लोगों के गुस्से का इस तरह से सामना करना पड़ेगा।
हर दिन सोशल मीडिया पर 'बॉयकॉट बॉलीवुड' ट्रेंड हो रहा है और इसका असर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल रहा है। कम बजट की फिल्में तो फ्लॉप हो ही रही हैं, लेकिन अब बड़े सितारों की फिल्में भी औंधे मुंह गिरी है। अभी इन हादसों से उपजी चिंता के बादल छंटे नहीं हैं, क्योंकि इन लोगों ने शाहरुख खान की 'पठान' ऋतिक रोशन की 'विक्रम वेधा और विजय देवरकोंडा की 'लाइगर' को भी टारगेट करने की ठान ली है। वहीं इस लिस्ट में सलमान खान की 'टाइगर 3' का नाम भी शामिल हो गया है।
खबरों के मुताबिक सलमान खान ने हाल ही में 'टाइगर 3' की रिलीज डेट की अनाउंस की है लेकिन अब सोशल मीडिया पर बायकाट ट्रेंड होने लगा है। इससे पहले साल 2012 में 'एक था टाइगर' और साल 2017 में 'टाइगर जिंदा है आई थी, जो अच्छी खासी चली थी। ट्रोलर्स को दबंग खान के पुराने 'क्राइम' याद आ गए हैं। उनका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें उन पर पाकिस्तानी आतंकियों का बचाव करने का भी आरोप लगा रहा है।