परिणीति चोपड़ा और हार्डी संधू स्टारर फिल्म कोड नेम: तिरंगा अगले महीने 14 अक्टूबर को बड़े पर्दे पर रिलीज की जाएगी। बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा और मशहूर पंजाबी गायक हार्डी संधू स्टारर फिल्म 'कोड नेम: तिरंगा' जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। 

टी-सीरीज, रिलायंस एंटरटेनमेंट, फिल्म हैंगर और फिल्म निर्माता रिभु दासगुप्ता की इस अगली फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है। बड़े पर्दे पर अपनी अलगी फिल्म की रिलीज को लेकर फिल्ममेकर रिभु दासगुप्ता काफी उत्साहित है। इस दौरान फिल्म की रिलीज डेट का एलान करते हुए उन्होंने कहा कि, ''मुझे अपनी अगली फिल्म कोड नेम: तिरंगा की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। फिल्म 14 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को यह एक्शन एंटरटेनर पसंद आएगी, जो देश के लिए अपना कर्तव्य निभाने वाले एक सैनिक के बलिदान पर आधारित है।”

फिल्म की बात करें तो कोड नेम: तिरंगा एक जासूस की कहानी है, अपने देश के लिए एक अडिग और निडर मिशन पर है। फिल्म में एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा एक रॉ एजेंट की भूमिका निभाती नजर आएंगी। वहीं, अपने गानों के लिए मशहूर गायक  हार्डी संधू अपने अभिनय कौशल से लोगों का दिल जीतने की कोशिश करते दिखाई देंगे। शरद केलकर, रजित कपूर, दिब्येंदु भट्टाचार्य, शिशिर शर्मा, सब्यसाची चक्रवर्ती और दीश मारीवाला जैसे अनुभवी कलाकार भी फ़िल्म में हैं।

फिल्म कोड नेम: तिरंगा गुलशन कुमार, टी-सीरीज फिल्म और रिलायंस एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति है। जबकि इसका निर्माण भूषण कुमार, रिलायंस एंटरटेनमेंट, फिल्म हैंगर और विवेक बी अग्रवाल द्वारा किया गया है। यह फिल्म 14 अक्टूबर 2022 को बड़े पर्दे पर रिलीज की जाएगी।