भोपाल जिला अदालत ने आइसक्रीम और बेकरी प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी टॉप एंड टाउन के मालिक हरीश रमानी और विजय रमानी को 6-6 महीने की सजा सुनाई है। इसके साथ दोनों पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। जज नितेंद्र सिंह तोमर ने 19 मई 2010 के एक मामले को लेकर दोनों को सज़ा सुनाई है।
भोपाल के न्यू मार्केट स्थित टॉप एंड टाउन आउटलेट में फूड इंस्पेक्टर ने स्वीट ब्रेड का सैंपल लिया था जोकि जांच में मिसब्रांड पाई गई थी। इसलिए उनके मालिकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
टॉप एंड टाउन की शुरुआत एक छोटी-सी आइसक्रीम शॉप से हुई थी। जिसकी सफलता के बाद ही भोपाल में 1988 में 3 हजार लीटर प्रतिदिन की उत्पादन क्षमता वाला एक प्लांट लगाया गया। धीरे-धीरे टॉप एंड टाउन के 1100 आइसक्रीम पार्लर खोले गए। आज टॉप एंड टाउन देशभर में एक मशहूर ब्रांड बन चुका है। टॉप एंड टाउन पूरे भारत में फैला हुआ है।
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, उड़ीसा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सहित देश के 8 राज्यों में टॉप एंड टाउन के आउटलेट्स हैं। भारत में टॉप एंड टाउन की 28 हजार से ज्यादा आउटलेट्स हैं।
2009 में टॉप एंड टाउन का छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक और प्लांट लगाया और अब टॉप एंड टाउन का उत्पादन हर दिन 2 लाख लीटर तक की क्षमता पर पहुंच गया है। लोग टॉप एंड टाउन की आइसक्रीम को काफी पसंद करते हैं।