दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से प्रदूषण लौट आया है. राजधानी दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली दिखाई दे रही है। वायु का स्तर बहुत खराब सीमा तक पहुंच गया है और कुछ क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 को पार कर गया है।
सोमवार को दिल्ली का आनंद विहार इलाका 405 के एक्यूआई के साथ राजधानी का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। इस रिपोर्ट के बाद अब दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को जहरीली हवा और आसमान में धुंध का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ रहा है। क्योंकि त्योहारों के दौरान खासकर दिवाली पर यह प्रदूषण और बढ़ जाता है।
आनंद विहार इलाके में एक्यूआई 405 पहुंचा-
दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को खराब श्रेणी में प्रवेश कर गई, राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सोमवार को शाम 4 बजे 182 दर्ज किया गया, इसके ठीक तीन दिन बाद दिल्ली ने इस साल अपना पहला सबसे स्वच्छ वायु दिवस दर्ज किया। लेकिन इस औसत के मुकाबले 405 AQI (गंभीर श्रेणी) के साथ आनंद विहार राजधानी दिल्ली का सबसे प्रदूषित स्थान भी बन गया है। इससे एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।
दिल्ली का AQI रविवार को 119, शनिवार को 70 और शुक्रवार को 47 था। सोमवार को यह क्रिटिकल रेंज में पहुंच गया था। हवा की गुणवत्ता अब मंगलवार को मध्यम से खराब और बुधवार को खराब श्रेणी में रहने की उम्मीद है।
बढ़ते प्रदूषण के चलते यह बात आई सामने-
जानकारों के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी हवाओं के कारण कुछ इलाकों में प्रदूषण कम फैला है। साथ ही इससे दिल्ली के कुछ इलाकों में हवा का स्तर बेहद खराब हो गया। अब अगले कुछ दिनों में अन्य इलाकों में हवा की गुणवत्ता और खराब हो सकती है।
AQI को ऐसे समझें-
शून्य से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 को 'मध्यम', 201 और 300 को 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है। अब दिल्ली का आनंद विहार इलाका सोमवार को गंभीर श्रेणी में था। इससे आप दिल्ली में वायु प्रदूषण का अंदाजा लगा सकते हैं।