हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। पर्यटकों को ले जा रही एक टूरिस्ट बस खाई में गिर गई, जिससे 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में IIT (BHU) के तीन छात्र भी शामिल है।
हादसा बीती रात करीब साढ़े आठ बजे कुल्लू के बंजार घाटी के घियागी इलाके में एनएच-305 पर हुआ। हादसे में घायल हुए 10 छात्रों में से 5 को कुल्लू के जोनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और 5 का इलाज बंजार के एक अस्पताल में चल रहा है।
अनियंत्रित होकर बस खाई में जा गिरी-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात मौसम बहुत खराब था और चालक को टर्निग के दौरान बस मोड़ने में दिक्कत हुई, जिसके बाद बस नियंत्रण से बाहर हो गई और खाई में गिर गई। देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है।
बंजार से बीजेपी विधायक सुरेंद्र शौरी हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए और फेसबुक लाइव होकर हादसे की जानकारी दी। विधायक ने बताया कि ट्रैवलर में राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली सेमत कई राज्यों के यात्री सवार थे।