शुजालपुर अनुमंडल की कालापीपल तहसील के मोहम्मदपुर मचनई गांव में मंगलवार को 100 हॉर्स पावर का ट्रांसफार्मर अचानक से फट गया, जिससे आग का बड़ा गुब्बारा फूटा। जिसे देखकर गांव वाले हैरान रह गए।  घटना का एक वीडियो सोशलमीडिया पर वायरल है, जिसमें देखा जा सकता है, कि करीब सौ फिट तक ऊंची आग की लपटें उठ रही हैं और ठीक वैसी ही विस्फोट की आवाजें आ रही हैं जैसे, कि किसी युद्ध के दौरान बमबारी किए जाने से आती हैं।  

आग का ऐसा गुबार उठा जिससे लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं। इसे लेकर गांव के लोगों में काफी दहशत भी है, क्योंकि उनके इलाके में इस तरह की ये पहली ही घटना है।

दरअसल, मोहम्मदपुर मचनाई गांव में पूर्व में 200 हॉर्स पावर का ट्रांसफार्मर लगाया गया था, जिसे बदलकर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने 100-100 हॉर्स पावर के दो ट्रांसफार्मर लगाए, जिससे बिजली सप्लाई प्रॉपर तरीके से नहीं हो रही थी। इसी वजह से  ओवरलोडिंग के चलते मंगलवार को एक ट्रांसफार्मर अचानक फट गया, जिससे आग और धुंए का गुबार निकलने लगा।

मोहम्मदपुर मचनई गांव के सरपंच का कहना है, कि विस्फोट से 10 मिनट पहले वे ट्रांसफार्मर के आसपास काम कर रहे थे। उनसे कुछ दूरी पर ही विस्फोट हुआ। साथ ही सरपंच ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कई बार आवेदन किया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।