आदिवासी सेवा मंडल-भोपाल के तत्वावधान में रविवार 21 जनवरी को आदिवासी युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन सुबह 11 बजे से प्लाट नं. 1, एमपी नगर जोन-1 भोपाल में आदिवासी सेवा मंडल भूखंड पर होगा।
सम्मेलन में नीति आयोग के सलाहकार आईएएस अधिकारी बीएस. जामोद, एएसपी भोपाल महावीर मुजाल्दे, पूर्व पीडब्ल्यूडी सचिव पी.सी. बारस्कर, एडिशनल एसपी अशोकनगर गजेन्द्र कंवर जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आदिवासी सेवा मंडल के सलाहकार मनोहर सिंह ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सिंह मरकाम और महिला प्रभाग की अध्यक्ष चंद्रा सर्वटे ने संयुक्त रूप से बताया कि आदिवासी सेवा मंडल आदिवासी समाज के विचारकों, समाज सेवियों, कार्यकर्ताओं, लोकसेवकों एवं विद्यार्थियों का क्रियाशील समूह है जो आदिवासी समाज के लोगों को सामाजिक क्षेत्र में मंडल द्वारा आयोजित गतिविधियों से सशक्त और सुदृढ़ बनाने का कार्य करता है।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि आदिवासी समाज के प्रगतिशील विचारों के प्रचार-प्रसार हेतु विगत 18 वर्षों से सेवा मंडल प्रतिवर्ष समाजिक युवक युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इसी तारतम्य में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रविवार 21 जनवरी 2024 दिन पूर्वान्ह 11 बजे से आदिवासी युवक-युवती परिचय सम्मेलन प्रारंभ होगा। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधियों के अलावा 6000 से अधिक गणमान्य सगाजन सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम में समाज की बेहतरी के लिए सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज सेवियों को सेवा मंडल द्वारा संस्थापित ‘‘श्रीमती उर्मिला सिंह स्मृति सम्मान’’ ‘‘डॉ.बी.एल. सिंह स्मृति सम्मान’’ एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल आदिवासी समाज के प्रतिभावान युवाओं का सम्मान किया जायेगा।
आदिवासी सेवा मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदेश के आदिवासी समाज के सगाजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथी कार्यक्रम के कवरेज हेतु सादर आमंत्रित है।