तेलंगाना के खम्मम जिले में मां-बाप अपने बेटे से इतना तंग आ गए कि उसकी सुपारी देकर हत्या करा दी। माता-पिता के मुताबिक बेटा बेरोजगार और शराबी था और आए दिन उन्हें सताया करता था। पुलिस के मुताबिक एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल और उसकी पत्नी ने कथित तौर पर हत्यारों को आठ लाख रुपये दिए और अपने इकलौते बेटे को जान से मारने की सुपारी दी।
दरअसल बीते 18 अक्टूबर को 26 साल के युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद शव को सूर्यापेट से पुलिस ने एक दिन बाद बरामद किया था। युवक की हत्या मामले में जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो इस्तेमाल की गई कार का पता चला। यही कारण पुलिस को दंपती तक ले गई। वहीं पुलिस का शक इसलिए और भी गहरा गया क्योंकि उन लोगों ने कार की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
बाद में पता चला कि माता-पिता जब 25 अक्टूबर को बेटे के शव की शिनाख्त करने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो उसी कार का इस्तेमाल किया गया था। जबकि दंपती की बेटी अमेरिका में रहती है। पुलिस ने कहा कि साई राम शराब के लिए पैसे देने से इनकार करने पर अपने माता-पिता के साथ गाली गलौज और मारपीट करता था।