दिल्ली में एक तेज रफ्तार ट्रक ने  4 लोगों की जान ले ली है। ट्रक ने कुल 6 लोगों को रौंद दिया जिसमें से चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग रोड किनारे डिवाइडर पर सो रहे थे। हादसे के बाद चालाक ट्रक लेकर भाग गया। 

पुलिस के मुताबिक सीमापुरी में डीटीसी डिपोट रेडलाइट क्रॉस करते वक्त यह ट्रक सड़क किनारे डिवाइडर पर सो रहे लोगों को रौंदता हुआ चला गया। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक अन्य को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चौथे शख्स ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया ।

हादसे के बाद अफरातफरी मच गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस अब इस पूरे हादसे की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।