टी वी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की मौत के बाद उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी सामने आई है, जिसमें उनकी मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है। इतना ही नहीं एक्ट्रेस के अंतिम संस्कार को लेकर भी एक अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुनिषा शर्मा का अंतिम संस्कार 27 दिसंबर यानी कल किया जाएगा।

मामले में आरोपी बनाए गए को-स्टार शीजान खान को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। तुनिषा के चाचा पवन शर्मा ने कहा कि घटना से करीब 10 दिन पहले अभिनेत्री को एंजाइटी अटैक आया था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जब उसकी मां और मैं उसे देखने गए तो तुनिषा ने कहा कि उसके धोखा हुआ है। उन्होंने बताया- 'अलीबाबा शो शुरू होते ही तुनिषा और शीजान एक-दूसरे के करीब आ गए थे।

घटना के दिन तुनिषा की मां ने उनके ड्राइवर को फोन कर उनका हालचाल पूछा था। एक्ट्रेस की मां ने पुलिस को बताया, 'सुसाइड से करीब 20 मिनट पहले मैंने तुनिषा के ड्राइवर को फोन किया था। उनसे तुनिषा के हाल के बारे में पूछा गया। उस वक्त ड्राइवर ने कहा कि तुनिषा शीजान के साथ खाना खा रही है। इसके बाद ही कुछ ऐसा हुआ, जिससे तंग आकर तुनिषा ने आत्महत्या कर ली।

एक नए खुलासे में तुनिषा शर्मा की मां ने कहा है कि सुसाइड से एक दिन पहले एक्ट्रेस ने उनसे कहा था कि मेरे दिल में एक बात है मां, जो आपको मुझे बतानी है... मुझे शीजान चाहिए। तुनिषा ने अपनी मां से कहा कि 'वो शीजान को अपनी जिंदगी में वापस चाहती है लेकिन वो सुनने को तैयार नहीं है, क्या तुम शीजान से एक बार बात करोगी?' इसके बाद तुनिशा की मां ने शीजान को फोन किया और उसे अपनी बेटी की जिंदगी में वापस आने के लिए कहा, जिसके बाद शीजान ने कहा 'मुझे माफ कर दो'।

वहीं शीजान ने पुलिस को बताया है कि आत्महत्या से एक दिन पहले तुनिषा ने कुछ भी नहीं खाया-पिया  था। घटना के दिन शीजान ने तुनिषा को कुछ खिलाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उस दिन भी कुछ नहीं खाया। शीजान ने कहा- तुनिषा को सेट पर चलने के लिए कहा गया, लेकिन उसने कहा कि वह बाद में आएगी। काफी देर बाद जब तुनिषा सेट पर नहीं आईं तो मैं खुद मेकअप रूम में गया और दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर मैंने अन्य लोगों के साथ दरवाजा तोड़ दिया। तुनिषा अंदर ही लटकी मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

वहीं तुनिषा आत्महत्या मामले के आरोपी शीजान ने पुलिस पूछताछ में एक्ट्रेस के खिलाफ कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शीजान ने पुलिस को बताया है कि तुनिशा ने कुछ दिन पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन उसने उसे तब बचा लिया था। इतना ही नहीं उनका दावा है कि उन्होंने इस बारे में तुनिषा की मां को भी बताया था।

तुनिषा आत्महत्या मामले में पुलिस सख्ती से जांच कर रही है। जांच से पता चला है कि शीजान और तुनिषा ने घटना के दिन 3 बजे मेकअप रूम में एक साथ लंच किया था। लंच करने के 15 मिनट बाद ही तुनिषा ने सुसाइड कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोपहर 3 से 3.15 बजे के बीच ऐसा क्या हुआ कि तुनिषा ने यह कदम उठाया।

तुनिषा शर्मा की मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस बात को कोई स्वीकार नहीं कर सकता कि महज 20 साल की उम्र में तुनिषा की मौत हो गई। हर कोई एक्ट्रेस को मिस कर रहा है. इसी क्रम में अब तुनिषा शर्मा की याद में उनकी खास दोस्त और टीवी एक्ट्रेस रीम शेख ने एक इमोशनल पोस्ट लिखा है। रीम ने पोस्ट कर लिखा- मुझे पता है दुनिया ने आपके साथ सही व्यवहार नहीं किया... आई एम सॉरी। मुझे उम्मीद है कि अब आपकी आत्मा को शांति मिलेगी।

तुनिषा शर्मा ने रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'फितूर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में एक्ट्रेस ने कैटरीना कैफ के बचपन का किरदार निभाया था। दिवंगत अभिनेत्री के निधन पर दुख जताते हुए निर्देशक अभिषेक कपूर ने कहा- 'तुनिषा शर्मा के निधन से स्तब्ध और गहरा दुख हुआ है। मैंने उनके साथ 'फितूर' में काम किया था, वह 13 साल की युवा, प्रतिभाशाली और अनुशासित अभिनेत्री थीं। यह बहुत ही हृदयविदारक है। उनके परिवार को शांति मिले। हरि ओम।'