एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की मौत के मामले में अब आरोपी शीजान खान की बहनें उनके बचाव में उतर आई हैं। शीजान की बहन फ़लक और शफ़ाक नाज का कहना है कि हिजाब में तुनिषा की वायरल हो रही तस्वीर शो के सेट की है, जो शूट का हिस्सा था। इसे साफतौर पर देखा जा सकता है। हमने उसे कभी हिजाब नहीं पहनाया।

वहीं शीज़ान की बहन फ़लक नाज़ का ये भी कहना है, कि शीज़ान की कोई और गर्लफ्रेंड नहीं थी। जिस लड़की को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था, वो कोई गुप्त प्रेमिका नहीं है।

शीज़ान की बहन फ़लक नाज़ का ये भी कहना है, कि तुनिषा की माँ ने स्वीकार किया कि वह तुनिषा की उपेक्षा करती रही और उसका ठीक से ध्यान नहीं रख सकीं। तुनिषा का अवसाद उसके बचपन के आघात के कारण था।

वहीं शफाक नाज का कहना है कि शीजान कभी भी ड्रग्स का सेवन नहीं करते थे। तुनिषा की मां का शीजान पर लगाया गया आरोप बिल्कुल गलत है।

बता दें कि टीवी अभिनेता शीजान पर तुनिषा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। शीजान के साथ तुनिषा रिलेशन में थीं।  दोनों की मुलाकात इसी साल जून में टीवी शो ‘अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। 

कहा जा रहा है कि सुसाइड के 15 दिन पहले ही शीजान ने तुनिषा से ब्रेकअप कर लिया था। ब्रेकअप की कई वजहें बताई जा रही हैं। कोई शीजान पर तुनिषा को चीट करने का आरोप लगा रहा है तो वहीं शीजान का कहना है कि उन्होंने एज, धर्म और परिवार के दबाव के चलते तुनिषा से ब्रेकअप किया।