कुछ दिनों पहले एक्टिंग की दुनिया से एक चौंकाने वाली खबर आई कि टीवी एक्ट्रेस वीणा कपूर की उनके बेटे ने हत्या कर दी है। कहा जा रहा था कि अभिनेत्री के बेटे ने संपत्ति के लिए ये कदम उठाया। लेकिन अब 'मृत' एक्ट्रेस वीणा कपूर ने मुंबई के दिंडोशी पुलिस स्टेशन में अपने जिंदा होने का दावा करते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

जी हां ये बात एकदम सही है, कि टीवी एक्ट्रेस वीणा कपूर की मौत नहीं हुई थी और वे जिंदा हैं। हाल ही में एक महिला की हत्या की खबर आई थी, जिसका नाम वीणा कपूर था। इसके बाद लोग एक्ट्रेस को मरा हुआ समझकर उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे थे।

ये मामला बड़ा ही अजीब लग सकता है, कि मृत महिला कैसे शिकायत दर्ज करा सकती है, लेकिन सच्चाई यही है। दरअसल हुआ यूँ कि हत्या टीवी एक्ट्रेस वीणा कपूर की नहीं बल्कि मुंबई के जुहू इलाके में रहने वाली किसी और वीणा कपूर की हुई थी। जिसे उनके बेटे सचिन कपूर ने मार डाला था।

दोनों के एक जैसे नाम से लोग कंफ्यूज हो गए और वे एक्ट्रेस वीणा कपूर को मरा हुआ समझने लगे। ऐसे में लोग सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस को श्रद्धांजलि देने लगे थे। इतना ही नहीं उनके बेटे को भी जमकर ट्रोल किया जा रहा था। अब पुलिस ने एक्ट्रेस वीणा कपूर की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक्ट्रेस वीणा कपूर ने पुलिस से शिकायत की है कि वह जिंदा हैं और उनकी मौत की झूठी खबर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है। अभिनेत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा उनके बेटे को श्रद्धांजलि देने के दौरान उनका अपमान किए जाने से वह दुखी हैं। अभिनेत्री अपनी मौत की अफवाह से परेशान थीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया।

एक्ट्रेस वीणा कपूर ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं परेशान हूं। मेरी फोटो वायरल हो गई है और लोग मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मुझे लोगों के फोन आ रहे हैं और मैं अपने काम पर ध्यान भी नहीं दे पा रहा हूं। मैं सभी को बताना चाहता हूं कि मेरे बेटे ने मुझे नहीं मारा है। मेरी मौत की झूठी खबर फैलाई गई। इस झूठी अफवाह के कारण मुझे काम मिलना भी बंद हो गया है। गौरतलब है कि जिस महिला की हत्या की गई उसका नाम भी वीणा कपूर था। जिसके चलते ही ये सारा का सारा कन्फ्यूज़न क्रिएट हुआ।