मध्यप्रदेश में आए दिन अजब-गजब मामले देखने को मिलते हैं। ऐसा ही एक मामला भोपाल के हिंदी विश्वविद्यालय से सामने आया है, जहां पर यूनिवर्सिटी में गेस्ट फेकल्टी के पद पर कार्यरत भाजपा के दो नेता महीनों से बिना क्लास लिए ही वेतन ले रहे हैं।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) के मुताबिक़ प्रियेश उपाध्याय बीजेपी के मंडल अध्यक्ष हैं और संदीप श्रीवास्तव भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा के PRO हैं। NSUI ने मामले को लेकर यूनिवर्सिटी के कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
NSUI ने ज्ञापन में बताया कि जनता पार्टी में पदाधिकारी, जिसमें प्रियेश उपाध्याय भारतीय जनता पार्टी भोपाल के पंचशील नगर के मंडल अध्यक्ष हैं वहीं संदीप श्रीवास्तव भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह जी के अधिकृत पीआरओ हैं और जानकारी के अनुसार दोनों विश्वविद्यालय में अनुपस्थित रहकर ही विश्वविद्यालय से प्रतिमाह सैलरी ले रहे हैं।
NSUI ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा भाजपा के पदाधिकारियों को विश्वविद्यालय से सैलरी प्रदाय की जा रही हैं जो कि निंदनीय है। संगठन मांग करता है कि दोनों को तत्काल बर्खास्त कर कार्यवाही करें। कार्यवाही न किये जाने पर एनएसयूआई ने उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है।