भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग ने सतना के ऐसे दो ठेकेदारों को उनकी अमानत राशि राजसात करते हुये ब्लेक लिस्टेड कर दिया है जिन्होंने टेण्डर स्वीकृत होने के बाद भी कार्य करने का अनुबंध नहीं किया था।

इनमें मेसर्स एलकेआर कन्स्ट्रक्शन (सोल प्रोपराईटर अनुराधा मिश्रा)  वार्ड क्रमांक 40 शास्त्री चौक सतना ने कोका एवं मुकुन्दपुर जलाशय के बांध एवं नहर के सुधार कार्य के टेण्डर जोकि 212.02 लाख रुपये का था, 27 प्रतिशत कम की दर भरी थी और यह टेण्डर 14 अप्रैल 2022 को स्वीकृत हो गया था तथा ठेकेदार को 15 दिन के अंदर कार्य का अनुबंध करने का समय दिया गया एवं स्मरण पत्र भी भेजे गये। परन्तु ठेकेदार ने अनुबंध नहीं किया। इस पर उसकी 2 लाख 12 हजार 500 रुपये की अमानत राशि राजसात कर उसे ब्लेक लिस्टेड कर दिया गया है।

इसी प्रकार, मेसर्स शुभम कन्स्ट्रक्शन (सोल प्रोपराईटर शुभम सिंह चन्देल) वार्ड क्रमांक 15 ग्राम कोनिया पोस्ट मझगवां जैतवारा जिला सतना ने बैंरहना व पटना जलाशय की मुख्य नहर व माईनर्स का सीसी लाईनिंग कार्य, ब्लॉक मझगवां जिला सतना हेतु 103.89 लाख रुपये के टेण्डर के विरुध्द 31.98 प्रतिशत कम राशि की दर थी तथा उनकी यह दर 20 अप्रैल 2022 को स्वीकृत कर ली गई और उन्हें कार्य का अनुबंध करने के लिये 15 दिन का समय दिया गया एवं स्मरण पत्र भी भेजे गये। परन्तु ठेकेदार ने अनुबंध नहीं किया। इस पर उसकी 1 लाख 4 हजार रुपये की अमानत राशि राजसात कर उसे ब्लेक लिस्टेड कर दिया गया है।