निमाड़ और मालवा में चार साल पहले बिखरे चुनावी समीकरणों को दुरुस्त करने की गरज से आज हिल-स्टेशन मांडू में भाजपा का सियासी नजरिये से एक बड़ा प्रशिक्षण वर्ग शुरू हो गया है। इसमें सीएम शिवराज समेत भाजपा संगठन के तमाम बड़े चेहरों के साथ प्रमुख नेताओं की मौजूदगी है। इस आयोजन का महत्व इससे भी सामने आ रहा है कि आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसमें दो बार शिरकत करेंगे।

बारिश और मौसम की खराबी के चलते मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में फेरबदल भी हुआ है। वे तय कार्यक्रम के अनुसार अब धार हेलीकॉप्टर से तथा सड़क मार्ग से मांडू पहुंचे हैं। वे दोपहर बाद फिर धार से इंदौर होते हुए ग्वालियर जाएंगे और तय कार्यक्रम के अनुसार फिर से शाम 5:45 पर मांडू पहुंचेंगे और वहां रात तक रहने के बाद इंदौर जायेंगे।

पिछले चुनाव में इसी इलाके में मिली थी मात

दरअसल मालवा निमाड़ पर सत्ता में वापसी के बाद से भाजपा ने फोकस किया हुआ है लेकिन अब इसे 'फाइनल टच' दिया जा रहा है। खासतौर पर निमाड़ के आदिवासी बाहुल्य जिलों में संगठन और सत्ता सीधे तौर पर ग्राउंड जीरो पर रणनीति बना रही है। यहां कांग्रेस के साथ आदिवासी संगठन भी भाजपा के लिए चुनौती है। कांग्रेस को निमाड मालवा में 2018 के चुनाव में काफी फायदा मिल चुका है। पंचायत चुनाव में भी यह समीकरण देखने को मिले थे।

लिहाजा भाजपा अपने असर को बढाने के लिये काम कर रही है। हाल में मनावर धार में पंचायत चुनाव के नतीजों से उसे उम्मीद नजर आई है। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा अपनी पकड़ मालवा निमाड़ में मजबूत करने की रणनीति तैयार करेगी। मालवा निमाड़ में कुल 66 सीट है। यह सत्ता में वापसी के गणित से बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस का प्रभाव कम करने के लिए भाजपा ने यहां पूरी ताकत झोंकने का फैसला किया है।