मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सांक रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात RPF (रेलवे पुलिस बल) के दो जवानों की मंगलवार देर शाम ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों जवान ट्रैक पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही नूराबाद थाना व आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। जहां इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली से चेन्नई जा रही सुपरफास्ट ट्रेन दुरंतो एक्सप्रेस की टक्कर में जवान की मौत हो गयी। ये दोनों जवान उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी हेड कांस्टेबल अशोक कुमार (57 वर्ष) और बुलंदशहर के सियावली निवासी हेड कांस्टेबल नवराज सिंह (उम्र 40 वर्ष) सांक रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर थे। इसी दौरान दोनों जवान ट्रेन नंबर 12270 से टकरा गए।
जानकारी के मुताबिक दोनों जवान यहां से एक पैसेंजर ट्रेन को गुजार रहे थे। इसी बीच दिल्ली से चेन्नई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस की टक्कर में उनकी मौत हो गई। उस समय वे ट्रेन पार करने या पेट्रोलिंग में इतने व्यस्त थे कि उन्होंने दूसरे ट्रैक की तरफ देखा ही नहीं और इस गलती से दोनों की मौत हो गई।