मप्र के शहरों में अब स्वच्छता साथ ही ग्रीन सिटी खिताब को लेकर भी स्पर्धा होगी। आज सरकार द्वारा आयोजित पहली गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में यह बात सीएम शिवराज ने कही। इससे पहले सुबह-सुबह उनका राजधानी की अधिकांश सड़कों की खस्ता हालत पर सब्र छलक उठा। अफसरों की बैठक बुलाकर साफ कहा कि भोपाल की सड़कों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। सड़कों के रखरखाव के लिए नगर निगम और पीडब्ल्यूडी परस्पर समन्वय कर कार्य करें। सीवरेज और पानी की पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों का रिस्टोरेशन जिन ठेकेदारों ने नहीं किया है, उन पर कार्यवाही की जाए।
जानकारी के मुताबिक शिवराज ने बैठक में अफसरों से कहा कि वे एक पखवाड़े के बाद पुनः सड़कों का निरीक्षण करने निकलने वाले हैं। इसलिये तत्काल हालात को ठीक किया जाये। अफसरों की ओर से बैठक में बताया गया कि तुलनात्मक रूप से अधिक वर्षा के कारण सड़कें प्रभावित हुई हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त वीएस कोलसानी उपस्थित थे। प्रमुख सचिव लोक निर्माण नीरज मंडलोई तथा प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास मनीष सिंह बैठक में वर्चुअल सम्मिलित हुए।
पर्यावरण जागरूकता के लिए सरकार ने कमर कसी
आज गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में पहली बार राज्य सरकार ने बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पर्यावरणविद, पर्यावरण प्रेमी और जन अभियान परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पौधारोपण, जल संरक्षण और स्थायी हरित क्षेत्रों के निर्माण गतिविधियों पर चर्चा हुई। जिलों से अंकुर अभियान के लोग वर्चुअली जुड़े। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक अभियान के तहत वे तथा कई पर्यावरण प्रेमी 61 लाख पौधे लगा चुके हैं।
शहरों के बीच ग्रीन सिटी इंडेक्स के तहत स्पर्धा होंगी और सर्वाधिक हरियाली वाले शहरों को पुरस्कृत व प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे पहले शिवराज ने पारंपरिक तरीके से गोवर्धन पूजा की और ग्रामीणों के साथ पारंपरिक नृत्य भी किया। गौरतलब है कि सीएम शिवराज ने 22 अक्टूबर को प्रदेशवासियों के नाम संदेश में कहा था कि गोवर्धन पूजा का पर्व सार्वजनिक रूप से मनाया जाएगा। सही अर्थों में यह पर्यावरण और प्रकृति की पूजा है।