MP Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में 400 सीटें पार करने का मिशन चला रही भारतीय जनता पार्टी इसे हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय नेता आए दिन मध्य प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार (11 अप्रैल) को एमपी के दौरे पर हैं। अमित शाह खजुराहो में बीजेपी प्रत्याशी वीडी शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रीवा और सतना के दौरे पर रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के मुताबिक शाह गुरुवार को मंडल और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में प्रचार करेंगे। शाह जबलपुर पहुंचेंगे, यहां से मंडला जाएंगे और सभा को संबोधित करने के बाद वह कटनी जिले के बरही जाएंगे, जहां से वह नांदेड़ के लिए रवाना होंगे। इसी तरह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज रीवा और सतना जिले का दौरा करेंगे। राजनाथ सिंह मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा के नईगाही देवतालाब मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सतना जिले के नागौद विधानसभा के अंगोला मैदान में एक आमसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार मध्य प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को होशंगाबाद में बीजेपी प्रत्याशी दर्शन सिंह के समर्थन में पिपरिया में आमसभा को संबोधित करेंगे, वहीं 20 अप्रैल को पीएम मोदी का सागर दौरा भी प्रस्तावित है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मध्य प्रदेश आ रहे हैं। नड्डा 12 अप्रैल को सीधी जिले में आयेंगे।