केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल का काफिला मध्यप्रदेश में मंगलवार को सड़क हादसे का शिकार हो गया। केंद्रीय मंत्री पटेल के काफिले के वाहन को एक यात्री बस ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन पुलिसकर्मियों के घायल हो गए। मंत्री प्रहलाद पटेल सुरक्षित है।
इस हादसे के बाद मंत्री पटेल ने स्वयं घायल पुलिसकर्मियों को गाड़ी से बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। मंत्री पटेल ने अस्पताल जाकर घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना और समुचित इलाज़ के निर्देश दिए।
हादसा दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे पर हुआ। केंद्रीय मंत्री मंगलवार को दमोह-छतरपुर स्टेट हाइवे पर सफर कर रहे थे। स्टेट हाईवे पर जैसे ही उनका काफिला पहुंचा तो एक यात्री बस ने उनके फॉलो गार्ड वाहन को जबरदस्त टक्कर मार दी।
हादसा उस वक्त हुआ, जब पटेल का काफिला मंगलवार शाम के समय नरसिंहगढ़ से दमोह की ओर जा रहा था। दमोह जिले के देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी के पास ये एक्सीडेंट हुआ है। हादसे में काफिले की गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है।