उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी पत्नी का नहाते हुए अश्लील वीडियो पोस्ट करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर जल्द ही कार्रवाई की बात कर रही है। खबर है कि पति ने फेसबुक पर अपने फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाने के लिए यह सब कुछ किया। हालांकि मामला दर्ज होने पर आरोपी पति ने अपने अकाउंट से वीडियो को डिलीट कर दिया।

फॉलोअर्स के चक्कर में वीडियो किया पोस्ट- 

जसराना थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर सोशल मीडिया पर नहाते समय की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जसराना थाना इंचार्ज ने कहा कि पत्नी ने अपने पति पर फेसबुक पर नहाते समय का आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक सुचना के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, जांच के लिए फोन साइबर टीम के पास भेजा गया है। मामला सही साबित होने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

नहाते समय पति ने किया था वीडियो कॉल-

पीड़िता ने बताया कि वह घर पर नहाते समय अपने पति से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। बात करने के बाद महिला ने फोन रख दिया। इसी दौरान पति ने उसका आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और फेसबुक पर वीडियो को पोस्ट कर दिया। जब महिला ने अपने पति से वीडियो हटाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया।

पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज-

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला सामने आने के बाद पीड़िता जसराना थाना पहुंची। पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज किया। महिला ने बताया कि उसका पति सर्कस में काम करता है। वह दिल्ली में रहता है, जबकि महिला अपने ससुराल में रहती है। पति उससे अक्सर वीडियो कॉल पर बात करता था। पीड़िता ने कहा कि उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसका पति ऐसी हरकत करेगा। हालांकि अब पत्नी ने अपने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।