रिटायर्ड आईएएस अधिकारी गंगादीन यादव का बुधवार की रात उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विराम खंड स्थित आवास पर आकस्मिक निधन हो गया। वह अपने घर के अंदर खड़े होकर लिफ्ट का बटन दबा रहे थे, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़े।

गोमती नगर के विराम खंड 1/331 में रिटायर्ड IAS  अधिकारी गंगादीन यादव अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार की रात जब उन्होंने लिफ्ट से बाहर निकलने के लिए बटन दबाया, तो उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। बताया जा रहा है कि गंगादीन यादव ने एक दिन पहले अपने घर में लिफ्ट लगवाई थी।

गंगादीन यादव को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। देर रात उसकी मौत की सूचना पर पुलिस उनके घर पहुंची। परिजनों ने इसे हादसा बताकर कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। गंगादीन मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे। पीसीएस से प्रमोट होने के बाद वे आईएएस बने।

गंगादीन एलडीए के वीसी होने के अलावा निदेशक, आबकारी आयुक्त, गन्ना आयुक्त, मंडी परिषद के पद पर रहे। देर रात उसकी मौत को लेकर सोशल मीडिया पर ये अपवाह फैली हुई है, कि वे दो दिन पहले अपने घर में लगे लिफ्ट के डक्ट में गिर गए थे। इसी बीच लिफ्ट नीचे आ गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

डीसीपी ने बताया कि सूचना पर गोमतीनगर इंस्पेक्टर को उनके घर भेजा गया। पुलिस ने वहां मामले की जांच की, घटना के बारे में परिवार से बात की। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के भाई राजेश यादव ने कहा कि लिफ्ट में गिरने की बात पूरी तरह गलत है। उन्होंने हार्ट अटैक से मौत की जानकारी दी। मृतक आईएएस अधिकारी के शरीर पर चोट के कोई निशान भी नहीं पाए गए हैं।