वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चोर की मौत के इस अजीबोगरीब मामले को देखकर सभी भौंचक्के रह गए। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर इस दावे के साथ शेयर की जा रही है कि चोरी के प्रयास के दौरान युवक का सिर दरवाजे में फंस गया जबकि उसका बाकी शरीर बाहर ही रह गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र के दनियालपुर की है।
सारनाथ थाना क्षेत्र के दानियालपुर स्थित पावरलूम केंद्र के दरवाजे में फंसकर एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हो सकता है कि पावरलूम में घुसने की कोशिश में चोर का सिर दरवाजे में फंस गया हो और उसे छुड़ाने की कोशिश में ही उसकी मौत हो गई हो।
इस अजीबोगरीब घटना को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। पावरलूम निजाम नाम के शख्स का है। काम नहीं मिलने के कारण ये दो दिनों से बंद बताया जा रहा है।
दरअसल, दरवाजे में ऊपर की ओर ताला लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि चोर ने चोरी करने के इरादे से अंदर घुसने का प्रयास किया होगा, लेकिन सफल नहीं हो सका और उसका सिर अंदर फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान पुराना पुल निवासी 30 वर्षीय जावेद के रूप में हुई है। जो पहले भी चोरी की अन्य घटनाओं में सक्रिय रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया और फिर परिजनों से संपर्क कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।